पहली बार राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता 14 फरवरी से, नाम हैं दंगल

जमुई में पहली बार अखाड़े पर राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। यह दो दिवसीय प्रतियोगिता 14 फरवरी से श्री कृष्ण सिंह स्टेडियम में शुरू होगी। कार्यक्रम का उद्घाटन उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे। आयोजन को लेकर स्थानीय विधायक एवं खेल मंत्री श्रेयसी सिंह की पहल की चर्चा हो रही है। प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न जिलों से लगभग 300 पहलवानों के भाग लेने की संभावना जताई गई है।
औषधीय अखाड़ा बनेगा मुख्य आकर्षण
इस आयोजन की खास पहचान पारंपरिक तरीके से तैयार किया जा रहा औषधीय अखाड़ा होगा। करीब चार फीट ऊंचे गोल आकार के इस अखाड़े की मिट्टी में दूध, घी, सरसों तेल, नींबू रस और हल्दी जैसी सामग्री मिलाई जा रही है। लगभग 80 ट्रैक्टर मिट्टी में इन तत्वों को मिश्रित कर उसे मुलायम और गुणकारी बनाने की तैयारी चल रही है।
[news_related_post]राज्य कुश्ती संघ के कार्यालय सचिव विजय कुमार के अनुसार, इस प्रकार तैयार अखाड़े में मुकाबला करने से खिलाड़ियों को चोट लगने की आशंका कम रहती है और गिरने पर भी कम दर्द महसूस होता है। तैयारियों की निगरानी के लिए संघ की टीम जमुई पहुंच चुकी है और स्टेडियम में तेजी से काम जारी है।
चांदी की गदा से होगा सम्मान
जिला प्रशासन के अनुसार, 100 किलोग्राम से अधिक वजन वर्ग के सर्वश्रेष्ठ पहलवान को चांदी की गदा देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त प्रत्येक वजन वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को एक लाख रुपये, द्वितीय को 50 हजार और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
विभिन्न वजन वर्ग में मुकाबले
प्रतियोगिता में पुरुषों के पांच और महिलाओं के दो वजन वर्ग में मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। राज्य कुश्ती संघ की टीम के नेतृत्व में तकनीकी अधिकारियों की देखरेख में सभी मुकाबले संपन्न होंगे।
खेल प्रेमियों में उत्साह
जमुई में पहली बार पारंपरिक औषधीय अखाड़े पर हो रही इस राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता को लेकर खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। पारंपरिक शैली में तैयार अखाड़ा और आकर्षक पुरस्कार राशि इस आयोजन को विशेष बना रहे हैं। दो दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना है।