अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में जारी अस्मिता वेस्ट जोन हॉकी प्रतियोगिता के तीसरे दिन का पहला मुकाबला मेजबान छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला और अंततः मैच 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ।
मुकाबले में छत्तीसगढ़ की ओर से रिया खलको ने 41वें मिनट में गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद मध्यप्रदेश ने शानदार वापसी करते हुए 45वें मिनट में नौसीन नाज के गोल की बदौलत स्कोर बराबर कर लिया। मैच के अंतिम क्षणों तक दोनों टीमें बढ़त बनाने की कोशिश करती रहीं, लेकिन स्कोर 1-1 ही रहा।
राउंड रॉबिन पद्धति से खेले जा रहे इस टूर्नामेंट में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर मध्यप्रदेश ने अंक तालिका में पहला स्थान हासिल किया, जबकि छत्तीसगढ़ दूसरे स्थान पर रहा। दोनों टीमों ने 24 मार्च को होने वाले फाइनल मुकाबले के लिए क्वालिफाई कर लिया है, जो नॉकआउट पद्धति से खेला जाएगा।

दिन का दूसरा मुकाबला महाराष्ट्र और राजस्थान के बीच हुआ, जिसमें महाराष्ट्र ने प्रभावशाली खेल दिखाते हुए राजस्थान को 6-0 से हराया। इस मैच में महाराष्ट्र की टीम ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा और विपक्षी टीम को कोई मौका नहीं दिया।
प्रतियोगिता के दौरान प्रिया दुबे, अनामिका शर्मा, राजवीर कौर, कुलदीप कौर, खुशबू सिसोदिया, अमृता सेन, पिंकी नायक और ईशानी पटेल ने निर्णायक एवं तकनीकी अधिकारियों की भूमिका निभाई। वहीं वंदन रघुवंशी टेक्निकल डेलीगेट के रूप में मौजूद रहीं।
मैदान में छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज अंसारी, वरिष्ठ खिलाड़ी विद्या विलाश श्रीवास्तव, जिला संघ के सचिव शिवनारायण धकेता, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मृणाल चौबे, नीलम चंद जैन, भूषण साव, साईं के प्रबंधक केसी त्रिपाठी और पंकज पांडे सहित कई खेलप्रेमी उपस्थित रहे।