
मोतिहारी, 30 मार्च। पूर्वी चंपारण जिला फुटबॉल संघ द्वारा आयोजित सरदार अमृत सिंह बिक्की मेमोरियल ट्रॉफी के तहत चल रही जिला फुटबॉल लीग में फाइनल मुकाबलों की तस्वीर साफ हो गई है। स्पोर्ट्स क्लब मोतिहारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-12, अंडर-17 और सीनियर—तीनों वर्गों के फाइनल में जगह बना ली है। वहीं ब्रावो एथलेटिक्स क्लब ने अंडर-17 और सीनियर वर्ग में फाइनल के लिए क्वालीफाई किया है।
अंडर-12 वर्ग का फाइनल चकिया एकेडमी और स्पोर्ट्स क्लब मोतिहारी के बीच खेला जाएगा। अंडर-17 वर्ग में ब्रावो एथलेटिक्स क्लब का सामना स्पोर्ट्स क्लब मोतिहारी से होगा, जबकि सीनियर वर्ग के खिताबी मुकाबले में भी स्पोर्ट्स क्लब मोतिहारी और ब्रावो एथलेटिक्स क्लब आमने-सामने होंगे। सभी फाइनल मुकाबले 31 मार्च को निर्धारित हैं।
अंडर-12 मुकाबला:
इस वर्ग में स्पोर्ट्स क्लब मोतिहारी ने चकिया एकेडमी को 2-0 से हराकर जीत दर्ज की। मैच के पहले हाफ में 27वें मिनट पर अंश कुमार यादव ने गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। दूसरे हाफ में शिवम कुमार ने 37वें मिनट पर एक और गोल कर बढ़त को दोगुना कर दिया। मुकाबले के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों को फाउल के चलते पीले कार्ड भी दिखाए गए। अंश कुमार यादव को बेहतरीन प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।