श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नन्दन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग में कार्यरत वरिष्ठ शिक्षक डॉ. हीरा लाल यादव को एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के ब्रॉन्ज स्तर के अंतरराष्ट्रीय निर्णायक डॉ. यादव को पंजाब के संगरूर में 9 मई को आयोजित होने वाली सीरीज-5 एथलेटिक्स प्रतियोगिता का मुख्य तकनीकी अधिकारी एवं तकनीकी निदेशक नियुक्त किया गया है।
एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा देश के विभिन्न चुनिंदा शहरों में सीरीज एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में आयोजित होने जा रही इस प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों एवं शहरों से 600 से अधिक महिला एवं पुरुष एथलीट भाग लेंगे।
प्रतियोगिता की तैयारियों एवं सफल संचालन को लेकर डॉ. हीरा लाल यादव अपनी तकनीकी टीम के साथ संगरूर पहुंच चुके हैं। उनके नेतृत्व में प्रतियोगिता के तकनीकी संचालन और आयोजन को उच्च स्तर पर संपन्न कराने की तैयारी की जा रही है।
इस संबंध में विभागाध्यक्ष डॉ. मुकुल पंत ने बताया कि डॉ. हीरा लाल यादव एथलेटिक्स खेल के अत्यंत अनुभवी और कुशल निर्णायक हैं। उन्होंने अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका निभाई है। उनकी यह उपलब्धि शारीरिक शिक्षा विभाग एवं पूरे विश्वविद्यालय के लिए गर्व और सम्मान का विषय है।
