Sports News, Uttar Pradesh

माँ शारदे की प्राण-प्रतिष्ठा के साथ आधुनिक खेल स्टेडियम का शिलान्यास

भानी देवी गोयल सरस्वती विद्या मंदिर में अध्यात्म, शिक्षा और खेल का अद्भुत संगम
झाँसी। राष्ट्रभक्ति एवं संस्कारित शिक्षा के लिए प्रसिद्ध विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश से संबद्ध भानी देवी गोयल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में शुक्रवार को अध्यात्म, शिक्षा और खेल का भव्य संगम देखने को मिला। विद्यालय परिसर में नवनिर्मित मंदिर में ज्ञान की अधिष्ठात्री माँ सरस्वती की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा तथा 400 मीटर सिंथेटिक ट्रैक युक्त आधुनिक खेल स्टेडियम का भूमि पूजन एवं शिलान्यास संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय सह संगठन मंत्री माननीय श्री यतीन्द्र जी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव उपस्थित रहे।
वैदिक मंत्रोच्चार एवं शंखध्वनि के बीच अतिथियों ने विधि-विधान से पूजन कर स्टेडियम की आधारशिला रखी तथा माँ शारदे की प्राण-प्रतिष्ठा सम्पन्न कराई। विद्यालय के भैया-बहनों द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री छत्रसाल स्वर्णकार ने अतिथियों का स्वागत करते हुए शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि झाँसी की पावन भूमि पर शिक्षा के साथ खेल सुविधाओं का विस्तार अत्यंत गौरवपूर्ण है। उन्होंने कहा कि युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए खेल आवश्यक हैं और यह 400 मीटर का सिंथेटिक ट्रैक विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बनेगा।

अध्यक्षीय उद्बोधन में श्री यतीन्द्र जी ने कहा कि विद्या भारती का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है। उन्होंने कहा कि माँ सरस्वती विवेक प्रदान करेंगी और क्रीड़ास्थल विद्यार्थियों में पुरुषार्थ एवं अनुशासन की भावना विकसित करेगा।
क्षेत्रीय संयोजक खेलकूद श्री जगदीश जी ने प्रस्तावना प्रस्तुत करते हुए कहा कि विद्या भारती ‘स्वस्थ शरीर-स्वस्थ राष्ट्र’ की संकल्पना को साकार करने के लिए सतत कार्य कर रही है।
इस अवसर पर ओलंपियन एवं अर्जुन अवॉर्डी अशोक ध्यानचंद, क्षेत्रीय संगठन मंत्री श्री हेमचन्द्र जी, प्रदेश निरीक्षक श्री अयोध्या प्रसाद जी, संभाग निरीक्षक श्री शिवकरण जी, विधान परिषद सदस्य श्री रामतीर्थ सिंघल, बीआईईटी झाँसी के निदेशक प्रो. जितेन्द्र कुमार शर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक श्रीमती रति वर्मा, जिला युवा कल्याण अधिकारी श्री शिवराम सिंह, एडीएम नमामि गंगे श्री योगेन्द्र कुमार सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं विद्यालय का आचार्य परिवार उपस्थित रहा।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रबंधक श्री के.के. गुप्ता ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समापन सामूहिक ‘वंदेमातरम्’ के साथ हुआ। विद्यालय के मीडिया प्रभारी श्री विकास श्रीवास्तव ने कार्यक्रम की जानकारी दी।

[news_related_post]

REPORTER: HARSH KUMAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *