Uttar Pradesh, हॉकी

गोरखपुर राइजिंग एंजेल सोसाइटी और रेडियो सिटी ने किया महिला हॉकी खिलाड़ियों का सम्मान

गोरखपुर। अंतरराष्ट्रीय मदर्स डे के अवसर पर महिला हॉकी खिलाड़ियों के सम्मान में एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम ‘राइजिंग एंजेल सोसाइटी’ और ‘रेडियो सिटी’ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ, जिसमें खेल जगत में शहर और देश का नाम रोशन करने वाली खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं कोच रीता मिश्रा समेत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुकीं अश्रीता, आनिता ऐक्का, प्रेमलता सिंह और कोएलता को सम्मानित किया गया। वहीं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ी शकुन्तला राव, ज्योति शर्मा, रश्मि, शिला गौतम, सुगन्धा, पूनम पास और पम्मी सैनी को भी उनकी उपलब्धियों के लिए सराहा गया।
आयोजकों ने कहा कि इस सम्मान समारोह का उद्देश्य उन महिला खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करना है, जिन्होंने कठिन मेहनत और समर्पण के दम पर खेल जगत में अपनी अलग पहचान बनाई और समाज के लिए प्रेरणा बनीं।
कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों के संघर्ष, उपलब्धियों और महिला खेलों में उनके योगदान को भी विशेष रूप से याद किया गया। समारोह में मौजूद लोगों ने सभी खिलाड़ियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल करियर की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *