Others

जिला शतरंज चैंपियनशिप में युवा खिलाड़ियों का जलवा, तुषार, मान्या, शिल्प और इशिका ने जीते खिताब

खालसा कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय अंडर-9 एवं अंडर-17 शतरंज चैंपियनशिप का सफल समापन हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन जिला शतरंज संघ द्वारा छत्तीसगढ़ प्रदेश शतरंज संघ के मार्गदर्शन एवं खालसा एजुकेशन सोसायटी के सहयोग से किया गया।

समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त रजिस्ट्रार जनरल नीलम चंद सांखला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कैलाश जैन ने की, जबकि श्रीमती मंजू जैन विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं।

संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रतियोगिता छह राउंड में आयोजित की गई, जिसमें जिले के अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

[news_related_post]

अंडर-9 ओपन वर्ग में तुषार यादव ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप अपने नाम की। मेधांश सोरी दूसरे और रेयांश गुप्ता तीसरे स्थान पर रहे।

अंडर-9 बालिका वर्ग में मान्या मौर्यिका ने प्रथम स्थान हासिल कर जिला चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। शांभवी शर्मा ने उपविजेता तथा आन्या सिंह ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

अंडर-17 ओपन वर्ग में शिल्प कुमार घोड़ेसवार ने शानदार प्रदर्शन के साथ खिताब जीता। शुभम सिंह दूसरे और चेतस माण्डले तीसरे स्थान पर रहे। विजेताओं को ट्रॉफी के साथ नकद पुरस्कार भी प्रदान किए गए।

अंडर-17 बालिका वर्ग में इशिका ने पहला स्थान प्राप्त कर जिला चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। परिधि लिलहारे उपविजेता रहीं, जबकि काशवी जैन ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को पदक एवं ई-प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। दोनों आयु वर्गों में शीर्ष दो स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी आगामी राज्य स्तरीय शतरंज चैंपियनशिप में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

प्रतियोगिता के मुख्य निर्णायक फीडे आर्बिटर अनिल शर्मा रहे। सह-निर्णायक के रूप में दिव्यांशु उपाध्याय, मुदिता पांडे और विक्रम सिंह राजपूत ने अपनी सेवाएं दीं। आयोजन की सफलता में संघ के पदाधिकारियों, निर्णायकों तथा खालसा एजुकेशन सोसायटी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

समारोह के दौरान खिलाड़ियों, अभिभावकों और शतरंज प्रेमियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम का संचालन सचिव तुलसी सोनी ने किया तथा आभार प्रदर्शन अध्यक्ष ईश्वर सिंह राजपूत द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *