जिला क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित सात दिवसीय टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण समापन हुआ। प्रतियोगिता में युवा खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। फाइनल मुकाबले में धमतरी रेड ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया, जबकि धमतरी ग्रीन को उपविजेता से संतोष करना पड़ा।
प्रतियोगिता से पूर्व आयोजित समर क्रिकेट प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को उनकी क्षमता और प्रदर्शन के आधार पर रेड, ग्रीन, ब्लू और येलो चार टीमों में विभाजित किया गया था। इन टीमों के बीच 31 मई से 7 जून तक टी-20 प्रारूप में मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता की विशेषता यह रही कि विभिन्न टीमों में बालिका खिलाड़ियों को भी शामिल कर खेल में समान अवसरों को बढ़ावा दिया गया।
फाइनल मैच में धमतरी रेड के कप्तान हितेंद्र प्रताप ठाकुर ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसके लिए उन्हें मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। विजेता एवं उपविजेता टीमों को आकर्षक ट्रॉफियों से सम्मानित किया गया।
[news_related_post]व्यक्तिगत प्रदर्शन के आधार पर भी खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। कुंतल साहू को प्रतियोगिता का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया, जबकि प्रिंस शर्मा को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का पुरस्कार मिला। कृष चंदन को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज, वैभव ध्रुव को सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक तथा रणवीर सोनवारे को सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर का सम्मान प्रदान किया गया।
अंडर-14 वर्ग में शिवम सिन्हा को बल्लेबाजी, गेंदबाजी एवं क्षेत्ररक्षण में उत्कृष्ट ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए विशेष प्रोत्साहन पुरस्कार दिया गया।
प्रतियोगिता में धमतरी रेड, ग्रीन, ब्लू और येलो टीमों के खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान खेल भावना और प्रतिस्पर्धात्मकता का शानदार परिचय दिया। आयोजन की सफलता में मुख्य कोच सजल चंद्राकर तथा सहायक कोच अंजली देवांगन और भूषण का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
समापन समारोह में जिला क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए बताया कि आने वाले समय में आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। साथ ही प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए नियमित ड्यूज बॉल मैचों और विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन भी जारी रहेगा।
संघ ने जिले में क्रिकेट प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने तथा महिला क्रिकेट खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के अपने संकल्प को दोहराया।