जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त प्रयास से आयोजित ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का समापन समारोह मिनी स्टेडियम में आयोजित किया गया। 17 मई से 6 जून तक चले इस शिविर का आयोजन कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न खेल केंद्रों और संस्थानों में किया गया।

शिविर के दौरान हैंडबॉल, बास्केटबॉल, नेटबॉल, फुटबॉल, लॉन टेनिस, सॉफ्ट टेनिस, स्क्वैश, बैडमिंटन, रग्बी, सॉफ्टबॉल, बेसबॉल, तीरंदाजी, तलवारबाजी, हॉकी, बॉल बैडमिंटन, वॉलीबॉल, ताइक्वांडो, कराते, किक बॉक्सिंग, वुशु, शतरंज और योगासन सहित अनेक खेलों का प्रशिक्षण विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य जिले में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना, बच्चों में खेल कौशल विकसित करना तथा महिलाओं और युवाओं को खेल एवं फिटनेस गतिविधियों से जोड़ना रहा। शिविर में आत्मरक्षा, योग और जुम्बा जैसी गतिविधियों को भी शामिल किया गया, जिससे प्रतिभागियों की शारीरिक क्षमता और आत्मविश्वास में वृद्धि हुई।
[news_related_post]शिविर से जुड़े कई खिलाड़ियों ने राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। कराते, बेसबॉल, पेंटाथलॉन और बास्केटबॉल जैसी प्रतियोगिताओं में जिले के खिलाड़ियों ने सहभागिता दर्ज कराते हुए पदक और सम्मान प्राप्त किए। विशेष रूप से बास्केटबॉल में दिव्या रंगारी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ को स्वर्ण पदक दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई तथा मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर का सम्मान हासिल किया।

समापन समारोह में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, खेल अधिकारी मनोज धृतलहरे, माई भारत के प्रतिनिधि अशोक चक्रधारी तथा विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। कराते खिलाड़ियों ने आत्मरक्षा से जुड़े विभिन्न कौशलों का प्रदर्शन किया।