जिला शतरंज संघ के मार्गदर्शन में अंडर-13 आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए जिला स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन तोरवा स्थित रेड डायमंड स्पोर्ट्स सेंटर में किया गया। एक दिवसीय इस प्रतियोगिता में कुल 39 प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मुकाबले निर्धारित शतरंज नियमों के अनुसार छह चरणों में आयोजित किए गए।

बालक वर्ग में सार्थक देशमुख ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि सारांश दुबे उपविजेता रहे। वहीं बालिका वर्ग में शिवांगी सोनी ने प्रथम स्थान हासिल किया और संबोधि सिंह दूसरे स्थान पर रहीं। प्रतियोगिता के आधार पर इन चार खिलाड़ियों का चयन आगामी राज्य स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता के लिए किया गया।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी तथा सभी प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मनीष उभरानी उपस्थित रहे। साथ ही विशिष्ट अतिथि संजय बरनवाल और संघ के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

प्रतियोगिता के संचालन की जिम्मेदारी निर्णायक मंडल ने निभाई तथा आयोजन समिति ने चयनित खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।