राजीव इंटरनेशनल स्कूल के सात वर्षीय स्केटर ने 13.03 किमी की शानदार स्केटिंग कर हासिल की अंतरराष्ट्रीय पहचान

राजीव इंटरनेशनल स्कूल, मथुरा के होनहार स्केटर लक्ष शर्मा ने अपनी प्रतिभा से एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में स्थान मिलने के बाद अब उनका नाम इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में भी दर्ज किया गया है। कम उम्र में यह उपलब्धि हासिल करने वाले लक्ष को इस सम्मान के लिए मेडल और प्रमाणपत्र प्रदान किया गया।
करीब सात वर्षीय लक्ष ने 15 फरवरी 2026 को वृंदावन की व्यस्त सड़क पर स्केटिंग करते हुए 39 मिनट 34.55 सेकंड में 13.03 किलोमीटर की दूरी पूरी कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया था। इस प्रदर्शन के आधार पर उन्हें अंतरराष्ट्रीय रिकॉर्ड बुक में स्थान मिला।
[news_related_post]स्कूल के चेयरमैन मनोज अग्रवाल ने इस उपलब्धि को मथुरा और देश के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि लक्ष में भविष्य में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने की पूरी क्षमता है। उन्होंने छात्र और उसके अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि किसी भी खिलाड़ी की सफलता में परिवार और कोच की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
स्कूल की प्रिंसिपल नंदिता ढींगरा ने कहा कि लक्ष न केवल स्केटिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है, बल्कि पढ़ाई में भी समान रूप से अच्छा है। उन्होंने बताया कि नियमित अध्ययन के साथ वह प्रतिदिन सीमित समय तक ही स्केटिंग का अभ्यास करता है, जिससे दोनों क्षेत्रों में संतुलन बनाए रखता है।
उत्तर प्रदेश रोलर स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव डी.एस. राठौर और कोच शैलेन्द्र कुमार ने भी लक्ष की उपलब्धि की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि वह भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के लिए पदक जीत सकता है। उनके अनुसार लक्ष की मेहनत, अनुशासन और सीखने की लगन उसे अन्य खिलाड़ियों से अलग पहचान दिलाती है।