मथुरा। राजीव इंटरनेशनल स्कूल के छात्र और प्रतिभाशाली स्केटर लक्ष शर्मा ने कम उम्र में एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में स्थान पाने के बाद अब उनका नाम इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में भी दर्ज किया गया है। इस उपलब्धि के साथ लक्ष कम उम्र में यह रिकॉर्ड बनाने वाले देश के पहले स्केटर बन गए हैं।
करीब सात वर्षीय लक्ष शर्मा ने 15 फरवरी 2026 को वृंदावन की व्यस्त सड़क पर स्केटिंग करते हुए 39 मिनट 34 सेकंड 55 मिलीसेकेंड में 13.03 किलोमीटर की दूरी पूरी की थी। उनके इस प्रदर्शन को पहले इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स और अब इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में मान्यता मिली है। रिकॉर्ड दर्ज होने पर उन्हें मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
स्कूल के चेयरमैन मनोज अग्रवाल ने लक्ष की सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि मथुरा, उत्तर प्रदेश और पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में लक्ष अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी पदक जीतकर देश का नाम रोशन करेंगे। साथ ही उन्होंने छात्र, उसके अभिभावकों और कोच को इस सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
[news_related_post]स्कूल की प्राचार्य नंदिता ढींगरा ने कहा कि लक्ष अपनी प्रतिभा, अनुशासन और मेहनत के बल पर लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं। उन्होंने बताया कि स्केटिंग के साथ-साथ वह पढ़ाई में भी अच्छा प्रदर्शन करते हैं और प्रतिदिन सीमित समय अभ्यास कर दोनों क्षेत्रों में संतुलन बनाए रखते हैं।
उत्तर प्रदेश रोलर स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव डी.एस. राठौर और कोच शैलेन्द्र कुमार ने भी लक्ष की उपलब्धि की सराहना की। उनका कहना है कि निरंतर मेहनत, समर्पण और अनुशासन के कारण लक्ष भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत के लिए पदक जीतने की क्षमता रखते हैं।