नई दिल्ली। चीन के ओर्डोस में आयोजित पहली एशियाई अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारतीय खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कुल 16 पदक अपने नाम किए। भारत ने प्रतियोगिता में 3 स्वर्ण, 4 रजत और 9 कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का दमदार परिचय दिया।
भारतीय दल की सबसे बड़ी उपलब्धियों में भाला फेंक खिलाड़ी आनंद सिंह का प्रदर्शन रहा। उन्होंने 80.57 मीटर का शानदार थ्रो कर स्वर्ण पदक जीतने के साथ 80 मीटर क्लब में भी जगह बनाई।
रिले स्पर्धाओं में भी भारत का दबदबा देखने को मिला। मिक्स्ड 4×400 मीटर रिले टीम के अस्तिक प्रधान, सैंड्रा मोल साबू, सेतु मिश्रा और श्रावणी सचिन सांगले ने शानदार दौड़ लगाकर स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं महिला 4×400 मीटर रिले टीम की श्रावणी सचिन सांगले, सैंड्रामोल साबू, प्रवल्लिका नरिमाला और नोफिसा खातून ने भी स्वर्ण पदक जीतकर भारत की झोली में एक और गोल्ड जोड़ा।
[news_related_post]लंबी दूरी की दौड़ में शिवाजी परशुराम मदप्पागौड्रा ने 5,000 मीटर और 10,000 मीटर स्पर्धाओं में रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसके अलावा पुरुष 4×400 मीटर रिले टीम और महिला 4×100 मीटर रिले टीम ने भी रजत पदक अपने नाम किए।
कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में भरतप्रीत सिंह (चक्का फेंक), शिवम लोहकारे (भाला फेंक), विनोद सिंह (5,000 मीटर दौड़), प्रिया (चक्का फेंक) और श्रावणी सचिन सांगले (400 मीटर बाधा दौड़) शामिल रहे।
भारतीय खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन ने एशियाई स्तर पर देश की बढ़ती एथलेटिक्स क्षमता को एक बार फिर साबित किया और भविष्य के अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के लिए उम्मीदें भी मजबूत की हैं।