सीवान, 14 जुलाई। बिहार राज्य स्तरीय अंतर जिला सुब्रतो कप अंडर-17 बालिका फुटबॉल चैंपियनशिप में सीवान की टीम ने लगातार दूसरी बार खिताब जीतकर नया कीर्तिमान स्थापित किया। फाइनल मुकाबले में टीम ने पश्चिम चंपारण को टाईब्रेकर में 5-2 से हराकर चैंपियन ट्रॉफी अपने नाम की।
समस्तीपुर में 10 से 13 जुलाई के बीच बिहार राज्य खेल प्राधिकरण और खेल विभाग के सहयोग से आयोजित इस प्रतियोगिता में सीवान का प्रतिनिधित्व उत्क्रमित उच्च विद्यालय, बिलासपुर (मैरवा) की बालिका फुटबॉल टीम ने किया। पूरे टूर्नामेंट में टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अपराजित रहते हुए खिताब जीता।
सीवान ने अपने पहले मुकाबले में मुंगेर को 10-0 के बड़े अंतर से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। इसके बाद सेमीफाइनल में सारण को 5-0 से शिकस्त देकर फाइनल का टिकट हासिल किया।
[news_related_post]खिताबी मुकाबले में पश्चिम चंपारण ने कड़ी टक्कर दी और निर्धारित समय तक दोनों टीमों के बीच कोई गोल नहीं हो सका। इसके बाद विजेता का फैसला टाईब्रेकर से हुआ, जिसमें सीवान की खिलाड़ियों ने शानदार संयम और कौशल का प्रदर्शन करते हुए 5-2 से जीत दर्ज कर लगातार दूसरी बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए टीम की कप्तान पिंकी कुमारी को ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ चुना गया। मुख्य प्रशिक्षक संजय पाठक ने बताया कि पिछले वर्ष भी टीम ने राष्ट्रीय स्तर की सुब्रतो कप प्रतियोगिता में क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय किया था। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार भी खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करेंगी।
सीवान की इस उपलब्धि पर जिला खेल पदाधिकारियों, शिक्षकों, खेल प्रशासकों और विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने टीम और कोचिंग स्टाफ को बधाई दी। सभी ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन की उम्मीद जताई।