Sports News

मॉन्टफोर्ट स्कूल ने जीता इंटर-स्कूल अंडर-14 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब

रुड़की (उत्तराखंड)। खेलो स्कूल स्पोर्ट्स प्रमोशन ट्रस्ट की ओर से रॉयल क्रिकेट ग्राउंड, सोनाली पार्क में आयोजित चौथे इंटर-स्कूल अंडर-14 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब मॉन्टफोर्ट स्कूल, रुड़की ने अपने नाम किया। प्रतियोगिता में क्षेत्र के नौ विद्यालयों की टीमों ने भाग लेकर शानदार खेल कौशल और अनुशासन का प्रदर्शन किया।

पहले सेमीफाइनल में मॉन्टफोर्ट स्कूल ने डीपीएस स्कूल, दौलतपुर को तीन विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई। दूसरे सेमीफाइनल में नीम काला देवी पब्लिक स्कूल ने ग्रीनवुड पब्लिक स्कूल, चुड़ियाला को नौ रन से मात देकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया।

फाइनल में मॉन्टफोर्ट स्कूल ने दमदार प्रदर्शन करते हुए नीम काला देवी पब्लिक स्कूल को सात विकेट से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। टूर्नामेंट में मॉन्टफोर्ट स्कूल, डीपीएस दौलतपुर, नीम काला देवी पब्लिक स्कूल, ग्रीनवुड पब्लिक स्कूल चुड़ियाला, दून पब्लिक स्कूल, स्वामी दयानंद सरस्वती विद्यालय सहित कुल नौ स्कूलों की टीमों ने हिस्सा लिया।

[news_related_post]

समापन समारोह में मुख्य अतिथि रग्बी संगठन के कोषाध्यक्ष आयुष्य सैनी ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं पदक प्रदान किए। उन्होंने कहा कि विद्यालय स्तर की खेल प्रतियोगिताएं बच्चों में खेल भावना, अनुशासन, टीमवर्क और नेतृत्व क्षमता को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

खेलो स्कूल स्पोर्ट्स प्रमोशन ट्रस्ट के अध्यक्ष चैम्पियन सूरज रोड ने कहा कि संस्था का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने भविष्य में भी विभिन्न खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई।

ट्रस्ट की कोषाध्यक्ष रचना देवी ने बताया कि बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास को बढ़ावा देने के लिए संस्था नियमित रूप से खेल गतिविधियों का आयोजन करती है। समापन समारोह में कोच संजीत नेगी, अनमोल चौधरी, अभिषेक कुमार, सुमित शर्मा, ज्योति राव, प्रियांशु चौधरी, अमानुल्लाह सहित अनेक खेल प्रेमी और गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *