बॉक्सिंग में तकनीकी अधिकारी के रूप में मुद्रिका खुशी गुरुरानी को विश्वस्तरीय सम्मान
हल्द्वानी। उत्तराखण्ड की होनहार खिलाड़ी मुद्रिका खुशी गुरुरानी ने बॉक्सिंग के तकनीकी क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए एक नई उपलब्धि अपने नाम दर्ज की है। उन्हें राष्ट्रीय तकनीकी अधिकारी (नेशनल टेक्निकल ऑफिशियल) के रूप में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 2 जुलाई 2026 को वर्ल्ड रिकॉर्ड बुक की ओर से आधिकारिक प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया।
मुद्रिका ने असम के गुवाहाटी में आयोजित 8वीं अंडर-19 राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैम्पियनशिप के दौरान राष्ट्रीय तकनीकी अधिकारी की परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की। इसके बाद उनके योगदान और उपलब्धि को विश्व रिकॉर्ड बुक द्वारा मान्यता दी गई। यह सम्मान उनके खेल कौशल के साथ-साथ तकनीकी दक्षता को भी दर्शाता है।
[news_related_post]वे पहले से ही पाँच बार राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत चुकी बॉक्सर हैं। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तैराकी में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। खेल जगत में उनके निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन ने उन्हें एक बहुमुखी खिलाड़ी के रूप में स्थापित किया है।
खेल उपलब्धियों के साथ-साथ मुद्रिका वर्तमान में मास्टर ऑफ फाइन आर्ट्स (एमएफए) की पढ़ाई कर रही हैं। शिक्षा और खेल दोनों क्षेत्रों में उनका संतुलित प्रदर्शन युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है।
इस अवसर पर मुद्रिका ने अपने माता-पिता, प्रशिक्षकों, मार्गदर्शकों और सभी शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में भी खेल और तकनीकी अधिकारियों के क्षेत्र में और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा। उनकी यह उपलब्धि उत्तराखण्ड सहित पूरे देश के लिए गर्व का विषय मानी जा रही है।