Chhattisgarh, Sports News

जांजगीर-चांपा ने जीता राज्य स्तरीय मिक्स नेटबॉल चैंपियनशिप का खिताब

रायपुर में आयोजित प्रथम छत्तीसगढ़ सीनियर राज्य स्तरीय मिक्स नेटबॉल प्रतियोगिता का सफल समापन हुआ। फाइनल मुकाबले में जांजगीर-चांपा की टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए दुर्ग को 25-21 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। प्रतियोगिता में राजनांदगांव और गरियाबंद की टीमों ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया।

समापन समारोह में छत्तीसगढ़ ओलंपिक एसोसिएशन के संयुक्त सचिव अकरम खान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ सैयद राजा, उमेश ठाकुर, श्रेयांश जैन, अनील सिंह, एस. मोहन राव तथा पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सुमित मजूमदार सहित कई खेल पदाधिकारी और अतिथि उपस्थित रहे।

नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के पदाधिकारियों एवं विभिन्न जिलों के प्रतिनिधियों ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन के दौरान प्रदेश के कई जिलों से आए खिलाड़ियों, कोचों, मैनेजरों और अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।

[news_related_post]

इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के 16 जिलों की टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता राउंड-रॉबिन लीग प्रणाली के आधार पर आयोजित की गई, जिसमें लीग मुकाबलों के बाद क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल मैच खेले गए। पूरे आयोजन में लगभग 250 खिलाड़ियों और खेल अधिकारियों ने भाग लिया।

नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ की अध्यक्ष मीना केरकेट्टा ने विजेता टीमों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रतियोगिता से राज्य की मजबूत टीम तैयार करने में मदद मिलेगी, जो आगामी राष्ट्रीय सीनियर मिक्स नेटबॉल प्रतियोगिता में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगी।

महासचिव राजेश राठौर के अनुसार प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर 8 पुरुष और 8 महिला खिलाड़ियों का चयन प्रशिक्षण शिविर के लिए किया जाएगा। इसके बाद अंतिम 12 खिलाड़ियों की टीम राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए घोषित की जाएगी। अंत में रायपुर जिला सचिव अनूप यदु ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और आयोजन से जुड़े सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *