भोपाल, 21 जुलाई।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा आयोजित क्लस्टर-12 बालिका बास्केटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन 30 जुलाई से 2 अगस्त तक भोपाल के बैरसिया रोड स्थित एलएनसीटी वर्ल्ड स्कूल में किया जाएगा। प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश सहित विभिन्न राज्यों के 70 से अधिक सीबीएसई विद्यालयों की टीमें भाग लेंगी।
इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के लिए भोपाल के कपिल भट्ट को सीबीएसई बोर्ड द्वारा तकनीकी पर्यवेक्षक (Technical Observer) नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति उनके लंबे खेल अनुभव, तकनीकी दक्षता और बास्केटबॉल के प्रति उत्कृष्ट योगदान को देखते हुए की गई है।
[news_related_post]कपिल भट्ट राष्ट्रीय स्तर के बास्केटबॉल खिलाड़ी रह चुके हैं तथा एसजीएफआई (School Games Federation of India) की राष्ट्रीय टीम के मुख्य कोच के रूप में भी अपनी सेवाएँ दे चुके हैं। खेल क्षेत्र में उनके अनुभव से प्रतियोगिता का सफल, निष्पक्ष एवं उच्च गुणवत्ता के साथ संचालन सुनिश्चित होने की उम्मीद है।
उनकी इस महत्वपूर्ण नियुक्ति पर खेल जगत, खिलाड़ियों और बास्केटबॉल प्रेमियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएँ दी हैं। यह उपलब्धि भोपाल एवं मध्यप्रदेश के लिए भी गर्व का विषय मानी जा रही है।