रायपुर, 23 जुलाई। छत्तीसगढ़ प्रदेश राइफल एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित 25वीं छत्तीसगढ़ राज्य शूटिंग प्रतियोगिता का सफल समापन राजधानी रायपुर स्थित माना शूटिंग रेंज में हुआ। 11 से 21 जुलाई तक चली इस प्रतियोगिता में राज्यभर के निशानेबाजों ने विभिन्न वर्गों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अरुण देव गौतम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पदक एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

प्रतियोगिता की 10 मीटर, 25 मीटर और 50 मीटर एयर पिस्टल तथा एयर राइफल स्पर्धाओं में कई खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किए। मास्टर्स वर्ग में डॉ. कमलप्रीत सिंह (आईएएस) और डॉ. राजश्री गाइन ने क्रमशः पुरुष एवं महिला वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में आर्या जायसवाल और वसुधा विजेता रहीं।

जूनियर वर्ग की 25 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में आराध्या गुप्ता ने पहला स्थान हासिल किया। 50 मीटर एयर पिस्टल में डॉ. कमलप्रीत सिंह, जूनियर वर्ग में आरुष अखिलेश जॉय तथा महिला वर्ग में शक्ति चंद्रा ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। वहीं 10 मीटर एयर पिस्टल के जूनियर एवं यूथ वर्ग में सान्वी श्रीवास अवस्थी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता।
[news_related_post]एयर राइफल स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों ने बेहतरीन निशानेबाजी का प्रदर्शन किया। 10 मीटर एयर राइफल में शिवा गुप्ता और सान्वी मारू ने स्वर्ण पदक हासिल किया। 50 मीटर एयर राइफल की विभिन्न श्रेणियों में अदीब सिद्दीकी, सूरज पांडेय और ओम गुप्ता विजेता बने, जबकि महिला वर्ग में शिफा ख्वाजा और लेकिशा व्यास ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

प्रतियोगिता के समापन पर छत्तीसगढ़ प्रदेश राइफल एसोसिएशन के सचिव दुर्गेश ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों, निर्णायकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी पदक विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।