जयपुर, 23 जुलाई। राजस्थान बैडमिंटन संघ (RBA) के तत्वावधान में राजस्थान राज्य बैडमिंटन रैंकिंग प्रतियोगिता 2026 का आयोजन आज से जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम स्थित इंडोर बैडमिंटन हॉल में शुरू हो गया। यह प्रतियोगिता 23 जुलाई से 29 जुलाई तक चलेगी, जिसमें राज्यभर के 800 से अधिक खिलाड़ी विभिन्न आयु वर्गों और सीनियर वर्ग की स्पर्धाओं में भाग ले रहे हैं।
प्रतियोगिता का आयोजन जयपुर जिला बैडमिंटन संघ द्वारा किया जा रहा है। इसमें अंडर-13, अंडर-15, अंडर-17, अंडर-19 तथा सीनियर वर्ग के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इस प्रतियोगिता के आधार पर आगामी नॉर्थ ज़ोन बैडमिंटन चैंपियनशिप के लिए राजस्थान की टीम का चयन किया जाएगा।
अंडर-19 बालक एकल वर्ग में अर्नव शर्मा को शीर्ष वरीयता (टॉप सीड) दी गई है, जबकि अंडर-19 बालिका एकल वर्ग में अनुष्का माहेश्वरी को शीर्ष वरीयता मिली है। दोनों खिलाड़ियों से प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है।
[news_related_post]राजस्थान बैडमिंटन संघ के अधिकारियों के अनुसार, प्रतियोगिता का उद्देश्य राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचने का अवसर देना है। चयनित खिलाड़ी नॉर्थ ज़ोन प्रतियोगिता में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगे, इसलिए सभी मुकाबले बेहद प्रतिस्पर्धी होने की उम्मीद है।