ग्वालियर। मध्य प्रदेश की होनहार हॉकी खिलाड़ी इशिका चौधरी ने भारतीय खेल जगत में नया इतिहास रच दिया है। बेल्जियम और नीदरलैंड की संयुक्त मेजबानी में 15 से 30 अगस्त तक आयोजित होने वाले एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप 2026 के लिए भारतीय टीम में उनका चयन हुआ है। इस उपलब्धि के साथ इशिका विश्व कप में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली मध्य प्रदेश की पहली महिला हॉकी खिलाड़ी बन गई हैं।
रक्षा पंक्ति की मजबूत खिलाड़ी इशिका चौधरी लंबे समय से भारतीय टीम का अहम हिस्सा हैं। उनका चयन न केवल ग्वालियर बल्कि पूरे मध्य प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि उनकी सफलता से प्रदेश की युवा महिला हॉकी खिलाड़ियों को नई प्रेरणा मिलेगी।
भारतीय महिला हॉकी टीम अब तक सात बार विश्व कप में हिस्सा ले चुकी है। वर्ष 1974 में टीम ने पहली बार इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भाग लिया था और चौथा स्थान हासिल किया था, जो अब तक उसका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन माना जाता है। इसके बाद टीम ने 1978, 1998, 2006, 2010, 2018 और 2022 के संस्करणों में भी भाग लिया, लेकिन पहली बार मध्य प्रदेश की किसी महिला खिलाड़ी को विश्व कप टीम में जगह मिली है।
[news_related_post]हाल ही में न्यूजीलैंड में आयोजित एफआईएच नेशंस कप 2026 जीतने के बाद भारतीय टीम ने विश्व कप के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया। इस अभियान में इशिका के प्रदर्शन ने भी चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया।
ग्वालियर के दर्पण हॉकी फीडर सेंटर के मुख्य प्रशिक्षक अविनाश भटनागर ने बताया कि इशिका ने हॉकी की शुरुआती शिक्षा इसी केंद्र से प्राप्त की थी। इसके बाद उन्होंने राज्य महिला हॉकी अकादमी, ग्वालियर में अपने खेल को निखारा और लगातार मेहनत के दम पर भारतीय टीम तक का सफर तय किया। उन्होंने विश्वास जताया कि इशिका विश्व कप में भी शानदार प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।
इशिका की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर खेल विभाग के अधिकारियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए विश्व कप में उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की है।