ग्लासगो। राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारत ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए पहला पदक जीत लिया। बिहार के पैरा पावरलिफ्टर झंडू कुमार ने पुरुषों की हेवीवेट स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर भारत का पदक खाता खोला। यह उपलब्धि उन्होंने कठिन संघर्ष और शानदार प्रदर्शन के दम पर हासिल की।
प्रतियोगिता के दौरान झंडू कुमार ने अपने पहले प्रयास में 181 किलोग्राम और दूसरे प्रयास में 190 किलोग्राम भार सफलतापूर्वक उठाया। उन्होंने कुल 130.9 अंक अर्जित कर तीसरा स्थान हासिल किया। इस स्पर्धा में नाइजीरिया के खिलाड़ी ने स्वर्ण पदक, जबकि इंग्लैंड के खिलाड़ी ने रजत पदक जीता।
झंडू कुमार की सफलता केवल एक पदक तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उनके लंबे संघर्ष की कहानी भी बयां करती है। बचपन में पोलियो से प्रभावित होने और आर्थिक कठिनाइयों का सामना करने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी। सीमित संसाधनों में लगातार मेहनत करते हुए उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई और अब राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के लिए पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया।
[news_related_post]झंडू कुमार की इस उपलब्धि से भारतीय दल का मनोबल बढ़ा है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि उनके पदक से अन्य भारतीय खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी और आगामी प्रतियोगिताओं में भारत के पदकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।