ग्लासगो। राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारतीय पैरा एथलीटों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। पुरुषों की 100 मीटर टी47 स्पर्धा में दिलीप महादू गावित ने स्वर्ण पदक और मोहम्मद बासिल मोर्सिंगनाकाथ ने रजत पदक जीतकर भारत को एक साथ दो पदक दिलाए।
दिलीप गावित ने 10.71 सेकंड का समय निकालते हुए राष्ट्रमंडल खेलों का नया रिकॉर्ड और अपना सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। वहीं, मोहम्मद बासिल ने 10.83 सेकंड के समय के साथ रजत पदक अपने नाम किया। इंग्लैंड के केविन सैंटोस ने 10.85 सेकंड के साथ कांस्य पदक जीता।
इससे पहले भारत के स्टार लंबी कूद खिलाड़ी मुरली श्रीशंकर ने पुरुषों की लंबी कूद स्पर्धा में रजत पदक जीतकर दिन की शुरुआत की थी। इसके साथ ही वे राष्ट्रमंडल खेलों में दो पदक जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष लंबी कूद खिलाड़ी बन गए।
[news_related_post]दिलीप गावित का स्वर्ण पदक ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में भारत का तीसरा स्वर्ण रहा। इससे पहले मीराबाई चानू (महिला 48 किग्रा वेटलिफ्टिंग) और शर्मिला धनखड़ (महिला शॉटपुट एफ57 पैरा एथलेटिक्स) भी स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं।
इन सफलताओं के साथ भारत की पदक संख्या 15 पहुंच गई है, जिसमें 3 स्वर्ण, 9 रजत और 3 कांस्य पदक शामिल हैं। इस प्रदर्शन के दम पर भारत पदक तालिका में आठवें स्थान पर पहुंच गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने दिलीप गावित और मोहम्मद बासिल को उनकी शानदार उपलब्धि पर बधाई दी।