ग्लासगो। राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारत की मौजूदा विश्व चैंपियन जैसमीन लांबोरिया ने महिलाओं के 57 किलोग्राम वर्ग के सेमीफाइनल में जगह बनाकर देश के लिए एक और पदक सुनिश्चित कर दिया है। क्वार्टर फाइनल में उन्होंने इंग्लैंड की एलिस ग्लिन को कड़े मुकाबले में हराया। शानदार रणनीति, संयम और सटीक पंचों की बदौलत जैसमीन ने जीत दर्ज की।
इस जीत के साथ ग्लासगो में भारत के मुक्केबाजी अभियान को बड़ी मजबूती मिली है। अब तक भारत के 10 मुक्केबाज सेमीफाइनल में पहुंच चुके हैं, जिससे देश के लिए कम से कम 10 पदक पक्के हो गए हैं। इससे पहले प्रीति पवार (54 किग्रा), प्रिया घंघास (60 किग्रा), साक्षी चौधरी (51 किग्रा), अरुंधति चौधरी (70 किग्रा), लवलीना बोरगोहैन (75 किग्रा), जदुमणि सिंह (55 किग्रा), सचिन सिवाच (60 किग्रा), अंकुश पंघाल (80 किग्रा) और नरेंद्र बेरवाल (90 किग्रा) भी अंतिम चार में अपनी जगह बना चुके हैं।
वहीं, एथलेटिक्स में भारत के राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी अनिमेष कुजूर ने पुरुषों की 200 मीटर दौड़ में अपने सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया। 23 वर्षीय अनिमेष ने हीट-4 में 20.46 सेकंड का समय लेकर पहला स्थान हासिल किया। उन्होंने कैमरून के इमैनुएल एसेमे, जो 100 मीटर के स्वर्ण पदक विजेता हैं, को पीछे छोड़ते हुए प्रभावशाली प्रदर्शन किया। अब 200 मीटर का सेमीफाइनल शुक्रवार को खेला जाएगा।
[news_related_post]