बिलासपुर, 6 अक्टूबर 2026। गुरु घासीदास विश्वविद्यालय, बिलासपुर में Association of Indian Universities (AIU) East Zone Inter-University Kabaddi (Women) Tournament 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में 38 विश्वविद्यालयों की लगभग 600 महिला खिलाड़ी हिस्सा ले रही हैं। टूर्नामेंट का आयोजन 6 से 9 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है।

उद्घाटन समारोह में विभागाध्यक्ष प्रो. रत्नेश सिंह ने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं अतिथियों का स्वागत करते हुए खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएँ दीं।
[news_related_post]समारोह में भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी राजेश कुमार चौहान ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए सफलता के पाँच मंत्र—अनुशासन, समय की पाबंदी, समय पर पहुँचना, निरंतर कड़ी मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण—बताए। उन्होंने युवा खिलाड़ियों को खेल के माध्यम से देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध हॉकी खिलाड़ी रेणुका यादव ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने अपने खेल अनुभव साझा करते हुए अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का संदेश दिया।
वहीं, गुरु घासीदास विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आलोक कुमार चक्रवाल ने खिलाड़ियों एवं अतिथियों को संबोधित करते हुए खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने “भारत माता की जय” का तीन बार उद्घोष करवाकर खिलाड़ियों में उत्साह और राष्ट्रभावना का संचार किया। उन्होंने कहा कि खेल स्वस्थ, सक्रिय और अनुशासित जीवन के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं तथा सभी को किसी न किसी खेल से जुड़ना चाहिए। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. एम. एस. धपोला द्वारा किया गया।”
AIU East Zone Inter-University Kabaddi (Women) Tournament में आगामी दिनों में विभिन्न विश्वविद्यालयों की महिला टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। प्रतियोगिता के लीग मुकाबले 8 एवं 9 अक्टूबर को आयोजित किए जाएंगे।