
इंडियन एथलेटिक्स सीरीज-3 के दिल्ली चरण में छत्तीसगढ़ के उभरते धावक अनिमेष कुजूर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 100 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित इस प्रतियोगिता में उन्होंने अपनी गति से एक बार फिर श्रेष्ठता साबित की।
फाइनल रेस में अनिमेष को एस. तमिलरासु से कड़ी चुनौती मिली। दोनों धावकों ने 10.28 सेकंड का समय दर्ज किया, लेकिन बेहद मामूली अंतर के चलते अनिमेष (10.272 सेकंड) पहले स्थान पर रहे, जबकि तमिलरासु (10.280 सेकंड) को रजत पदक मिला।
जशपुर जिले से ताल्लुक रखने वाले अनिमेष के नाम पहले से ही 100 मीटर में 10.18 सेकंड का राष्ट्रीय रिकॉर्ड दर्ज है। वे इस सीजन अपने प्रदर्शन को और बेहतर बनाने के लिए लगातार मेहनत कर रहे हैं और 100 मीटर में 10 सेकंड तथा 200 मीटर में 20 सेकंड से कम समय का लक्ष्य लेकर अभ्यास कर रहे हैं।
[news_related_post]