समर कैंप 2026 को मिलेगा नया स्वरूप, बच्चों के समग्र विकास पर रहेगा विशेष फोकस
विश्वास कैलाश सारंग ने आज टीटी नगर स्टेडियम स्थित मेजर ध्यानचंद हॉल में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों तथा प्रदेश के सभी जिलों के खेल अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक ली।

बैठक में समर कैंप 2026 की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई और सफल संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। मंत्री श्री सारंग ने कहा कि इस वर्ष समर कैंप को एक नवीन और प्रभावी स्वरूप दिया जा रहा है, जिसमें केवल खेल प्रशिक्षण ही नहीं, बल्कि बच्चों और युवाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास पर भी विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कैंप के माध्यम से प्रतिभागियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करने पर जोर दिया जाए, ताकि उनका समग्र व्यक्तित्व निखर सके।
मंत्री श्री सारंग ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाना ही नहीं है, बल्कि ऐसे सशक्त युवा तैयार करना है, जो अपने परिवार का गौरव बनें और राष्ट्र एवं समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं।
बैठक में समर कैंप के बेहतर संचालन, प्रशिक्षकों की गुणवत्ता, सुविधाओं के विस्तार और प्रतिभागियों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी विस्तार से चर्चा की गई।