छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित आवासीय खेल अकादमी में प्रवेश के लिए चयन ट्रायल का आयोजन 28 अप्रैल से 01 मई तक स्वामी विवेकानंद कोटा स्टेडियम में किया जा रहा है। ट्रायल के दूसरे दिन विभिन्न खेल विधाओं में खिलाड़ियों के कौशल का मूल्यांकन किया गया।
द्वितीय दिवस पर तीरंदाजी, फुटबॉल एवं वेटलिफ्टिंग खेलों के कुल 204 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिनके खेल कौशल एवं प्रदर्शन का परीक्षण विशेषज्ञों द्वारा किया गया। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, खिलाड़ियों का चयन मोटर एबिलिटी तथा खेल कौशल के आधार पर किया जाता है।
ट्रायल के तीसरे दिन हॉकी एवं एथलेटिक्स खेल विधाओं के खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। यह प्रक्रिया प्रातः 07:00 बजे से स्वामी विवेकानंद कोटा स्टेडियम में आयोजित होगी।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। प्रतिभागियों के लिए आवास, भोजन, चिकित्सा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।
