महिला एकल फाइनल में चीन की हान कियान शी को दी मात
आसन। भारत की युवा बैडमिंटन खिलाड़ी अश्मिता चालिहा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कोरिया मास्टर्स सुपर 300 टूर्नामेंट का महिला एकल खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में उन्होंने चीन की चौथी वरीयता प्राप्त हान कियान शी को तीन गेम के मुकाबले में हराकर अपने करियर का पहला बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर खिताब हासिल किया।
असम की 26 वर्षीय अश्मिता ने शुरुआती गेम हारने के बाद जबरदस्त वापसी की। करीब 53 मिनट चले मुकाबले में उन्होंने हान को 14-21, 21-14, 21-14 से शिकस्त दी। इस जीत के साथ भारत ने लगातार दूसरे सप्ताह बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर प्रतियोगिता में खिताब जीता। इससे पहले तन्वी शर्मा ने ताइपे ओपन में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया था।
[news_related_post]पहले गेम में अश्मिता ने अच्छी शुरुआत करते हुए शुरुआती बढ़त बनाई, लेकिन हान ने वापसी करते हुए स्कोर बराबर कर लिया। इसके बाद चीनी खिलाड़ी ने लगातार अंक हासिल किए और पहला गेम अपने नाम कर लिया।
दूसरे गेम में अश्मिता ने आक्रामक रणनीति अपनाई। उन्होंने अपने स्मैश और तेज शॉट्स के जरिए प्रतिद्वंद्वी पर दबाव बनाया। दोनों खिलाड़ियों के बीच शुरुआती दौर में कड़ा मुकाबला हुआ, लेकिन इंटरवल तक भारतीय खिलाड़ी ने 11-8 की बढ़त बना ली। इसके बाद अश्मिता ने अपनी बढ़त को मजबूत करते हुए गेम जीत लिया और मुकाबला निर्णायक गेम में पहुंच गया।
तीसरे गेम में दोनों खिलाड़ियों के बीच रोमांचक टक्कर देखने को मिली। अश्मिता ने शुरुआत में बढ़त बनाई, हालांकि इंटरवल तक हान ने 11-9 से बढ़त हासिल कर ली। इसके बाद भारतीय खिलाड़ी ने शानदार वापसी करते हुए लगातार छह अंक जुटाए और स्कोर 15-11 कर दिया।
अश्मिता ने दबाव के बावजूद अपनी लय बरकरार रखी और महत्वपूर्ण मौकों पर बेहतरीन शॉट लगाए। 19-14 की बढ़त के बाद हान की एक गलती से अश्मिता को चैंपियनशिप प्वाइंट मिला। उन्होंने इस मौके को भुनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।
इस जीत के साथ अश्मिता चालिहा ने अपने करियर का पहला बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर खिताब हासिल कर भारतीय बैडमिंटन में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जोड़ी।