22 महाविद्यालयों के लगभग 250 महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा, ध्वज संकेत के साथ शुरू हुई प्रतियोगिता
भोपाल, 16 अक्टूबर। बरकतउल्ला विश्वविद्यालय, भोपाल के शारीरिक शिक्षा विभाग खेल परिसर में अंतर महाविद्यालयीन पुरुष एवं महिला क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय से संबद्ध 22 महाविद्यालयों के लगभग 250 महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों तथा प्रशिक्षकों ने सहभागिता की।

*प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रो. समरबहादुर सिंह, कुलसचिव, बरकतउल्ला विश्वविद्यालय द्वारा ध्वज संकेत देकर किया गया।* ध्वज संकेत मिलते ही सभी धावकों ने पूरे उत्साह, जोश और खेल भावना के साथ दौड़ प्रारंभ की। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने और अपने महाविद्यालय का गौरव बढ़ाने का उत्साह दिखाई दिया।

*इस अवसर पर विश्वविद्यालय के इंचार्ज डायरेक्टर डॉ. आलोक मिश्रा, प्रतियोगिता आयोजन सचिव डॉ. दिलीप राठौड़, क्रीड़ा अधिकारी श्री रवीन्द्र कौशिक, डॉ. श्याम मिश्रा, सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।*
क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में शारीरिक फिटनेस, सहनशक्ति, अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल भावना को बढ़ावा देना है। इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ प्रतिस्पर्धात्मक खेलों में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती हैं।

प्रतियोगिता में विभिन्न महाविद्यालयों के खिलाड़ियों की सहभागिता ने विश्वविद्यालय परिसर में खेलमय वातावरण का निर्माण किया।
आयोजन विश्वविद्यालय में खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।