BIHAR

बिहार टेबल टेनिस संघ की आमसभा में बड़ा फैसला

चार राज्य रैंकिंग टूर्नामेंटों से उभरेंगे नए सितारे
पटना। बिहार टेबल टेनिस संघ की वार्षिक आमसभा रविवार को राजधानी स्थित होटल अकीला में आयोजित हुई, जहां राज्य में टेबल टेनिस के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए। बैठक की अध्यक्षता संघ अध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह ने की। आमसभा में राज्य के विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधियों ने खेल के विस्तार, प्रशिक्षण व्यवस्था और आगामी प्रतियोगिताओं पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में यह तय किया गया कि बिहार के छोटे जिलों में छिपी प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जाएंगे, ताकि संसाधनों के अभाव में खिलाड़ियों की प्रतिभा प्रभावित न हो। संघ ने जमीनी स्तर पर खेल ढांचे को मजबूत करने और खिलाड़ियों को बेहतर मंच देने का संकल्प लिया।
संघ के सचिव राजीव रत्न सिंह और कोषाध्यक्ष मनोज कुमार ने वार्षिक प्रतिवेदन और वित्तीय गतिविधियों की जानकारी साझा की। बैठक में मौजूद 20 जिलों के प्रतिनिधियों ने सभी जिला इकाइयों के रजिस्ट्रेशन, बैंक खातों और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को व्यवस्थित करने पर सहमति जताई। साथ ही अनुशासनात्मक समिति और शिकायत निवारण तंत्र को भी और प्रभावी बनाने का निर्णय लिया गया।


आमसभा में कैडेट से लेकर सीनियर वर्ग तक चार बड़े राज्य रैंकिंग टूर्नामेंट आयोजित करने की घोषणा की गई। इन प्रतियोगिताओं की मेजबानी के लिए मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, गया, पटना और सहरसा ने दावेदारी पेश की है। संघ का मानना है कि इन प्रतियोगिताओं से राज्य के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच मिलेगा।
बैठक में उपाध्यक्ष केएम सिन्हा, मुकेश राय, दीपक पांडेय, रामाशंकर प्रसाद, दिलीप गांधी, सजल दत्ता गुप्ता, संजय कुमार, प्रदीप कुमार श्रीवास्तव, राहुल दास, पंकज पांडेय, मौसमी चटर्जी, सुनीता बोस, रौशन सिंह ‘धोनी’ और सोमनाथ समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे। अंत में अभय कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
संघ के इस संकल्प के बाद अब उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले वर्षों में बिहार के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाने में सफल होंगे।

REPORTER: HARSH KUMAR

[news_related_post]

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *