बांका, बिहार में पहली बार आयोजित होने जा रहे बिहार स्टेट गेम्स 2026 का आयोजन 5 से 12 सितंबर 2026 तक पटना एवं राजगीर में होगा। प्रतियोगिता का शुभारंभ 16 अगस्त से राज्यव्यापी मशाल यात्रा के साथ किया जाएगा। 22 खेलों की इस प्रतियोगिता के आधार पर आगामी नेशनल गेम्स के लिए बिहार की टीम का चयन किया जाएगा।
इसी क्रम में बांका जिले के लिए गर्व की बात है कि एथलेटिक्स में जिले के चार प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन बिहार स्टेट गेम्स 2026 के लिए हुआ है। इस उपलब्धि से जिले के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है।
चयनित खिलाड़ी
[news_related_post]– इन्द्राणी कुमारी – महिला वर्ग, 1500 मीटर दौड़
– सोनम कुमारी – अंडर-18 बालिका वर्ग, 100 मीटर हर्डल्स
– कल्याण कुमार – अंडर-20 बालक वर्ग, लॉन्ग जंप
– पलक कुमारी – अंडर-20 बालिका वर्ग, हैमर थ्रो
एथलेटिक्स संघ, बांका के सचिव मोनू रंजन (मनोरंजन) ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि बांका की धरती प्रतिभाशाली खिलाड़ियों से समृद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि ये खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले एवं बिहार का नाम रोशन करेंगे।
उन्होंने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा—
«”ऐसे किसी का जय-जयकार नहीं होता, मेहनत करने वाले की कभी हार नहीं होती। इसलिए निरंतर परिश्रम करते रहें, सफलता एक दिन अवश्य आपके कदम चूमेगी।”»
उन्होंने यह भी कहा कि उनका संकल्प है कि जब तक बांका जिले का कोई खिलाड़ी ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व नहीं करता, तब तक वे खिलाड़ियों के मार्गदर्शन और सहयोग के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।
एथलेटिक्स संघ, बांका के अध्यक्ष देवाशीष कुमार ने चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि जिले के लिए प्रेरणादायक है और भविष्य में बांका के और भी खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगे।
कटोरिया विधानसभा के माननीय विधायक पूरनलाल टुडू ने भी सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि खेल के क्षेत्र में बांका जिले की यह सफलता पूरे जिले के लिए सम्मान और गौरव का विषय है।
बिहार स्टेट गेम्स 2026 – प्रमुख जानकारी
– आयोजन: 5 से 12 सितंबर 2026
– मशाल यात्रा: 16 अगस्त 2026
– स्थान: पटना एवं राजगीर
– कुल खेल: 22
– संभावित प्रतिभागी: लगभग 5000 खिलाड़ी, 1000 अधिकारी एवं 1500 स्वयंसेवक
– एथलेटिक्स प्रतियोगिता: 8 से 10 सितंबर 2026, पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, पटना
जारीकर्ता:
मोनू रंजन
सचिव, एथलेटिक्स संघ, बांका
