
महाराष्ट्र राज्य टेबल टेनिस संघ द्वारा पुणे में 24 अप्रैल से 4 मई तक आयोजित 32वीं नेशनल मास्टर्स टेबल टेनिस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ की महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। यह पहला अवसर था जब राज्य की 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की महिला टीम ने इस स्पर्धा में भाग लिया।
टीम में सुश्री दिव्या आमदे सहित अन्य खिलाड़ियों ने प्रभावशाली खेल दिखाया। सेमीफाइनल मुकाबले में छत्तीसगढ़ का सामना तेलंगाना से हुआ, जहां टीम को 3-1 से हार का सामना करना पड़ा। इस मैच में दिव्या आमदे ने बी. किरणमई को 3-0 से हराया, जबकि प्रमिला देवांगन और मोनिका दीवान अपने-अपने मुकाबले हार गईं। निर्णायक मैच में दिव्या आमदे को सोनल असरानी के खिलाफ 3-2 से हार झेलनी पड़ी।
इस उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ टेबल टेनिस संघ के पदाधिकारियों—अध्यक्ष कुलदीप जुनेजा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष किशोर जादवानी, सुरेश चन्नावार, उपाध्यक्ष विनय बैसवाड़े, प्रदीप जोशी, सचिव सार्थक शुक्ला, कोषाध्यक्ष सौरभ शुक्ला सहित अन्य सदस्यों—ने खिलाड़ियों को बधाई दी। यह जानकारी संघ के उपाध्यक्ष विनय बैसवाड़े द्वारा साझा की गई।
[news_related_post]