INTERNATIONAL, Sports News

जूनियर एशियन कुश्ती में धीरज मलिक ने जीता कांस्य, हरियाणा का बढ़ाया मान

हरियाणा के रोहतक स्थित बाबा मस्तनाथ विश्वविद्यालय के छात्र धीरज कुमार मलिक ने थाईलैंड के पटाया में आयोजित जूनियर एशियन ग्रीको-रोमन कुश्ती चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 77 किलोग्राम भार वर्ग का कांस्य पदक अपने नाम किया। इस उपलब्धि से उन्होंने न केवल देश और हरियाणा बल्कि अपने विश्वविद्यालय का भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरव बढ़ाया।

पूरी प्रतियोगिता के दौरान धीरज ने बेहतरीन तकनीक, आत्मविश्वास और अनुशासित खेल का प्रदर्शन किया। एशियाई स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में पदक जीतना उनके खेल करियर की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

हाल के वर्षों में धीरज लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। वर्ष 2026 में गोंडा (उत्तर प्रदेश) में आयोजित सीनियर नेशनल रैंकिंग कुश्ती प्रतियोगिता में उन्होंने 77 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक जीता था। वहीं, जनवरी 2026 में चंडीगढ़ विश्वविद्यालय में आयोजित एआईआईयू इंटर यूनिवर्सिटी कुश्ती प्रतियोगिता में उन्होंने रजत पदक हासिल किया।

[news_related_post]

इससे पहले वर्ष 2025 में सीनियर हरियाणा राज्य कुश्ती प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। वर्ष 2024 में दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में आयोजित स्कूल नेशनल प्रतियोगिता में रजत पदक तथा वर्ष 2023 में त्यागराज स्टेडियम (दिल्ली) में आयोजित स्कूल नेशनल और गोंडा में आयोजित कैडेट नेशनल कुश्ती प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई।

धीरज के पिता कृष्ण कुमार, जो हरियाणा के जींद जिले के निडाना गांव के निवासी हैं, ने बेटे की सफलता पर खुशी जताते हुए इसे परिवार और क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताया।

विश्वविद्यालय के कुलाधिपति महंत बालकनाथ योगी ने धीरज को बधाई देते हुए कहा कि संस्थान शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विद्यार्थियों को लगातार प्रोत्साहित करता है। उनके अनुसार धीरज की उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणा है और यह साबित करती है कि समर्पण, अनुशासन और कठिन मेहनत से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सफलता प्राप्त की जा सकती है।

कुलपति प्रो. (डॉ.) बी. एम. यादव ने कहा कि विश्वविद्यालय खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं और बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध करा रहा है, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आ रहा है। वहीं कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार और खेल निदेशक डॉ. अशोक कुमार ने भी धीरज को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में उनसे और बड़ी सफलताओं की उम्मीद जताई।

विश्वविद्यालय के शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने धीरज की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि वे आने वाले समय में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का नाम रोशन करते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *