डॉ. श्रवण कुमार यादव को मिली राष्ट्रीय स्तर की बड़ी जिम्मेदारी
कानपुर। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू), कानपुर के शारीरिक शिक्षा एवं क्रीड़ा विभाग के विभागाध्यक्ष एवं एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. श्रवण कुमार यादव को भारतीय विश्वविद्यालय संघ (AIU) के इंटर यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स बोर्ड (IUSB) का सदस्य नामित किया गया है। यह नामांकन शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए एक वर्ष की अवधि हेतु किया गया है।
यह निर्णय तमिलनाडु स्थित एसआरएम इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी (SRMIST) में आयोजित 35वीं वार्षिक आम बैठक (AGM) के दौरान लिया गया। इस बैठक में देशभर के विश्वविद्यालयों के कुलपति, खेल निदेशक, शारीरिक शिक्षा विशेषज्ञ तथा इंटर यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स बोर्ड के सदस्य शामिल हुए। बैठक में विश्वविद्यालयी खेलों के विकास, खेल प्रशासन को सुदृढ़ बनाने, खिलाड़ियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालयों की भागीदारी बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान AIU स्पोर्ट्स कैलेंडर 2026–27 को अंतिम रूप दिया गया। साथ ही विश्वविद्यालय खेलों में पैरा स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने, हाई परफॉर्मेंस ट्रेनिंग सेंटर स्थापित करने, खेल प्रशासकों के क्षमता विकास कार्यक्रम, विश्वविद्यालय स्पोर्ट्स लीग शुरू करने तथा भारतीय विश्वविद्यालय टीमों की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी जैसे कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
डॉ. श्रवण कुमार यादव की इस नियुक्ति को विश्वविद्यालय तथा खेल जगत के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। उनके अनुभव और नेतृत्व से विश्वविद्यालयी खेलों के विकास, खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा खेल संस्कृति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान मिलने की उम्मीद व्यक्त की जा रही है।
इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय परिवार, खेल प्रशिक्षकों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं खेल प्रेमियों ने डॉ. श्रवण कुमार यादव को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की है।
