मस्कट। एफआईएच यूथ हॉकी5एस एशिया चैंपियनशिप में भारतीय सब-जूनियर लड़कों की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक ही दिन में पाकिस्तान और मेजबान ओमान को हराकर अपनी दावेदारी मजबूत कर दी। वहीं लड़कियों की टीम ने कड़ा मुकाबला किया, लेकिन चीन के खिलाफ 3-6 से हार का सामना करना पड़ा।
पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में भारतीय टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। पहले हाफ में रोमित पाल, करण गौतम और कप्तान केतन कुशवाहा के गोलों की बदौलत भारत ने 3-0 की बढ़त बना ली। दूसरे हाफ में प्रह्लाद राजभर, शाहरुख अली, राहुल यादव और केतन कुशवाहा ने गोल कर टीम की बढ़त और मजबूत कर दी। पाकिस्तान की ओर से मोहम्मद उस्मान ने दो तथा कप्तान अदील ने एक गोल किया, लेकिन भारत ने 7-3 से शानदार जीत दर्ज की।
इससे पहले दिन के पहले मुकाबले में भारत ने मेजबान ओमान को 10-1 से करारी शिकस्त दी। पहले हाफ में ही भारतीय टीम ने 6-0 की बढ़त बना ली थी। करण गौतम, शाहरुख अली, केतन कुशवाहा और प्रह्लाद राजभर ने लगातार गोल कर ओमान की वापसी की सभी उम्मीदें खत्म कर दीं। दूसरे हाफ में भी भारतीय खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल जारी रखा और चार और गोल दागकर बड़ी जीत अपने नाम की।
[news_related_post]वहीं लड़कियों के एलीट पूल मुकाबले में भारत और चीन के बीच पहले हाफ तक मुकाबला 3-3 की बराबरी पर था। भारत की ओर से संदीपा कुमारी ने एक और किरण एक्का ने दो गोल किए। हालांकि दूसरे हाफ में चीन ने शानदार वापसी करते हुए लगातार तीन गोल किए और मुकाबला 6-3 से जीत लिया।
यह प्रतियोगिता पहले एफआईएच यूथ हॉकी5एस विश्व कप के लिए एशियाई क्वालीफायर भी है। ऐसे में भारतीय टीमों के लिए प्रत्येक मुकाबला बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।