छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026’ का भव्य शुभारंभ हुआ। साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया। इस दौरान केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
25 मार्च से शुरू हुआ यह आयोजन 3 अप्रैल तक रायपुर के साथ-साथ बस्तर और सरगुजा में भी आयोजित किया जाएगा। इसमें देशभर के 30 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से करीब 2500 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जो 9 अलग-अलग खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

उद्घाटन समारोह में कई प्रमुख खेल हस्तियां भी शामिल रहीं, जिससे आयोजन की गरिमा और बढ़ गई।
[news_related_post]मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि खेलों के विकास के लिए विशेष योजनाएं चलाई जा रही हैं और अधोसंरचना को मजबूत किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में खेलों के प्रति उत्साह तेजी से बढ़ रहा है और इस तरह के आयोजन खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में मदद करेंगे।
केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि ‘खेलो इंडिया’ अभियान के जरिए देश में खेल संस्कृति को नई दिशा मिल रही है। उन्होंने जोर दिया कि खेल युवाओं के समग्र विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है।
आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और खेल प्रेमी मौजूद रहे। टूर्नामेंट को लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।