झांसी। अमित पाल और विवेक यादव के शानदार प्रदर्शन की बदौलत झांसी हॉकी छात्रावास ने राज्य स्तरीय सीनियर पुरुष आमंत्रण हॉकी प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में करमपुर हॉकी अकादमी, गाजीपुर को 4-3 से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जिसमें झांसी टीम ने अंतिम क्वार्टर में शानदार वापसी करते हुए जीत अपने नाम की।
मैच के पहले क्वार्टर में करमपुर टीम ने बढ़त बनाई, लेकिन दूसरे क्वार्टर में झांसी छात्रावास ने दमदार खेल दिखाते हुए स्कोर 2-2 से बराबर कर लिया। तीसरे क्वार्टर में करमपुर ने एक और गोल कर 3-2 की बढ़त हासिल की, जिससे मुकाबला और भी रोमांचक हो गया।
निर्णायक चौथे क्वार्टर में “करो या मरो” की स्थिति में झांसी छात्रावास ने बेहतरीन तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए लगातार गोल दागे और मैच 4-3 से जीतकर फाइनल का टिकट पक्का किया।
करमपुर टीम की ओर से नीरज यादव (11वां मिनट) और बृजेश यादव (13वां मिनट) ने फील्ड गोल किए, जबकि रीतेश पांडे ने 44वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दागा। वहीं झांसी छात्रावास के लिए अमित पाल ने 21वें और 48वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर दो गोल किए, जबकि विवेक यादव ने 25वें और 50वें मिनट में फील्ड गोल कर टीम की जीत सुनिश्चित की।
अब फाइनल मुकाबले में झांसी छात्रावास का सामना लखनऊ मंडल से होगा, जिसने पहले सेमीफाइनल में रामपुर छात्रावास को 4-1 से हराकर फाइनल में जगह बनाई है।
झांसी छात्रावास ने रोमांचक जीत के साथ फाइनल में बनाई जगह
26
Mar