INDIA, Sports News

झारखंड की बेटियों का जलवा, मध्यप्रदेश को हराकर फाइनल में पहुंची टीम

पुणे। महाराष्ट्र के पुणे में चल रही 16वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप में हॉकी झारखंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बना ली है। सेमीफाइनल में झारखंड ने हॉकी मध्यप्रदेश को पेनाल्टी शूटआउट में 2-1 से हराया। इसके साथ ही झारखंड की टीम लगातार 10वीं बार प्रतियोगिता के फाइनल में पहुंची है।

मुकाबले की शुरुआत मध्यप्रदेश के पक्ष में रही। 15वें मिनट में मध्यप्रदेश ने गोल कर 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। इसके बाद दोनों टीमों ने लगातार आक्रमण किए, लेकिन दूसरे और तीसरे क्वार्टर में कोई गोल नहीं हुआ।

अंतिम मिनटों में झारखंड ने शानदार वापसी की। मैच के 60वें मिनट में एस्थर होरो ने फील्ड गोल दागकर स्कोर 1-1 कर दिया। निर्धारित समय तक बराबरी रहने के बाद मुकाबले का फैसला पेनाल्टी शूटआउट से हुआ।

[news_related_post]

शूटआउट में सलोमी नाग ने झारखंड के लिए गोल किया। इसके बाद रजनी केरकेट्टा ने पेनाल्टी स्ट्रोक को गोल में बदलकर टीम को बढ़त दिलाई। गोलकीपर गंगी बरला ने भी बेहतरीन बचाव करते हुए मध्यप्रदेश के प्रयासों को रोक दिया और झारखंड की जीत में अहम योगदान दिया।

शुरुआत से रहा शानदार प्रदर्शन

झारखंड ने प्रतियोगिता में अपने अभियान की शुरुआत हॉकी चंडीगढ़ पर 6-0 की बड़ी जीत के साथ की। इसके बाद टीम ने हॉकी पंजाब को 3-1 से हराया। क्वार्टर फाइनल में हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा को पेनाल्टी शूटआउट में 4-3 से मात देकर टीम ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

मध्यप्रदेश के खिलाफ सेमीफाइनल में निर्णायक गोल करने वाली एस्थर होरो को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। उनके गोल ने झारखंड को हार के करीब पहुंच चुके मुकाबले में वापसी का मौका दिया।

लगातार दसवीं बार फाइनल में पहुंचना झारखंड की जूनियर महिला हॉकी टीम की निरंतरता और मजबूत प्रदर्शन को दर्शाता है। अब टीम की नजर खिताब अपने नाम करने पर होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *