
पटना, 31 मार्च। पहली बार आयोजित खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 में बिहार की उभरती एथलीट अनामिका कुमारी गोंड (जिला गोपालगंज) ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शॉट पुट प्रतियोगिता में रजत पदक हासिल किया। उन्होंने 9.50 मीटर की दूरी तक गोला फेंककर दूसरा स्थान प्राप्त किया और राज्य का नाम रोशन किया।
इस स्पर्धा में गोवा की मानसी मोहन कुनकलकर ने 9.72 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि मेघालय की खिलाड़ी मेलिबाडकरो ने 9.43 मीटर के साथ तीसरा स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक अपने नाम किया। बिहार की एक अन्य प्रतिभागी मीनू सोरेन ने भी अच्छा प्रदर्शन करते हुए 9.08 मीटर के साथ पांचवां स्थान हासिल किया।
इस प्रतियोगिता में यह बिहार का दूसरा पदक है। इससे पहले कैमूर के मुलायम खरबार ने पुरुष फ्रीस्टाइल कुश्ती (65 किलोग्राम वर्ग) में स्वर्ण पदक जीतकर राज्य को गौरवान्वित किया था।
[news_related_post]अनामिका की इस सफलता पर बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवींद्रन शंकरण ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि राज्य की खेल नीतियों और सुविधाओं का सकारात्मक परिणाम है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाएं भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
अनामिका की इस उपलब्धि से गोपालगंज सहित पूरे बिहार में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रही है।