BIHAR, क्रिकेट

पटना सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग: बीएसईबी की बड़ी जीत, यशस्वी शुक्ला की शतकीय पारी चमकी

पटना में खेली जा रही अधिकारी मदन मोहन प्रसाद मेमोरियल सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग में बीएसईबी ने दमदार प्रदर्शन करते हुए शर्मा स्पोर्टिंग को 116 रनों के बड़े अंतर से पराजित किया। मुकाबले में यशस्वी शुक्ला ने शानदार शतकीय पारी खेलकर अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई और उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

पटना के ऊर्जा स्टेडियम में खेले गए इस मैच में बीएसईबी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने निर्धारित 35 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 254 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। यशस्वी शुक्ला ने 78 गेंदों में 109 रन बनाए, जिसमें कई आकर्षक चौके और छक्के शामिल रहे। वहीं अभिलाष कुमार ने नाबाद 87 रन की उपयोगी पारी खेलकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में योगदान दिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी शर्मा स्पोर्टिंग की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम लगातार अंतराल पर विकेट गंवाती रही। पूरी टीम 28.1 ओवर में 138 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। आरके विराज ने सर्वाधिक 34 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सके।

[news_related_post]

बीएसईबी की ओर से गेंदबाजी में शंभु कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट हासिल किए। इसके अलावा प्रदीप ने 3 विकेट लेकर विपक्षी टीम की बल्लेबाजी को पूरी तरह दबाव में रखा
इस जीत के साथ बीएसईबी ने लीग में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है, जबकि शर्मा स्पोर्टिंग को अपनी आगामी मैचों में बेहतर प्रदर्शन की जरूरत होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *