नई दिल्ली, 31 जुलाई। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में महिला डिस्कस थ्रो स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय एथलीट सीमा कालिरामना को हार्दिक बधाई दी है। सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में राष्ट्रपति ने कहा कि सीमा की यह उपलब्धि उनके दृढ़ संकल्प, समर्पण और कड़ी मेहनत का प्रमाण है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह सफलता देश की युवा महिलाओं को खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगी।
वहीं, उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने भी कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने पुरुष 110+ किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाले लवप्रीत सिंह तथा महिला डिस्कस थ्रो में कांस्य पदक जीतने वाली सीमा कालिरामना को उनकी शानदार उपलब्धि पर बधाई दी।
अपने संदेश में उपराष्ट्रपति ने कहा कि इन खिलाड़ियों की उपलब्धियों ने देश का गौरव बढ़ाया है और उनकी सफलता देशभर के युवा खिलाड़ियों को खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि भारत को उनकी उपलब्धियों पर गर्व है।
[news_related_post]