
छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित सीनियर एलीट ग्रुप इंटर-डिस्ट्रिक्ट मल्टी डे क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 29 मार्च से रायपुर और रायपुर ब्लू के बीच खेला जा रहा है। यह मैच भिलाई के बीएसपी मैदान में आयोजित हो रहा है, जहाँ रायपुर ब्लू ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।

पहली पारी में रायपुर ब्लू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 95.3 ओवर में 383 रन बनाए। टीम की ओर से सानिध्य हुरकत ने बेहतरीन 140 रनों की पारी खेली। उनके अलावा प्रतिक यादव ने 62 रन और शाश्वत शारदा ने 39 रन का योगदान दिया। रायपुर की गेंदबाजी में गगनदीप सिंह ने 4 विकेट जबकि आयुष सिंह ठाकुर ने 3 विकेट हासिल किए।

इसके जवाब में रायपुर की टीम अपनी पहली पारी में 74 ओवर में 225 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम के लिए किवनूर सिंह ने 52 रन, आयुष पांडे ने 49 रन और ऋषी शर्मा ने 35 रन बनाए। रायपुर ब्लू की ओर से उत्कर्ष तिवारी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट लिए, जबकि मो. सुहैल को 3 सफलताएं मिलीं।

तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक रायपुर ब्लू ने अपनी दूसरी पारी में 52 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 176 रन बना लिए हैं। इस पारी में प्रतिक यादव ने 95 रन की अहम पारी खेली, जबकि सुमित रुइकर (31 रन) और शाश्वत शारदा (24 रन) ने भी योगदान दिया। रायपुर की तरफ से वरुण सिंह भुई ने 4 विकेट और गौरव चर्तुवेदी ने 3 विकेट झटके।

तीसरे दिन की समाप्ति तक रायपुर ब्लू कुल मिलाकर 334 रन की मजबूत बढ़त बना चुका है और टीम ने फाइनल में अपनी पकड़ काफी मजबूत कर ली है।