BIHAR, क्रिकेट

बीसीए मेंस अंडर-23 वनडे ट्रॉफी : कैमूर की जीत में चमके संजीत व अनुज

रोहतास को सात विकेट से किया पराजित

पटना, 19 मार्च। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (बीसीए) के तत्वावधान में आयोजित मेंस अंडर-23 वनडे ट्रॉफी 2025-26 के शाहाबाद जोन मुकाबले में कैमूर ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रोहतास को 7 विकेट से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की। इस मैच में कैमूर के अनुज राज सिंह को उनके उत्कृष्ट गेंदबाजी प्रदर्शन (3 विकेट) के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

यह मुकाबला पटना के निकट सदीसोपुर स्थित डीएल सिंह क्रिकेट ग्राउंड पर खेला गया। टॉस जीतकर कैमूर ने पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया और रोहतास को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। रोहतास की टीम शुरुआत से ही दबाव में रही और नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही, जिसके चलते पूरी टीम 40.1 ओवर में 163 रन बनाकर सिमट गई।

रोहतास की ओर से निखिल कुमार ने सर्वाधिक 41 रन बनाए, जबकि कप्तान सिद्धार्थ गौतम ने 31 रन और आर्यन राज ने 23 रन का योगदान दिया। मध्यक्रम और निचले क्रम के बल्लेबाज अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सके, जिससे टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर पाई।

[news_related_post]

कैमूर की गेंदबाजी काफी प्रभावी रही। अनुज राज सिंह ने 30 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। उनके अलावा तौफीक सिद्दीकी ने बेहद किफायती गेंदबाजी करते हुए मात्र 5 रन देकर 2 विकेट लिए, जबकि मोहम्मद एस्तेकार सुलेमानी ने भी 2 विकेट अपने नाम किए।

164 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कैमूर की टीम ने आत्मविश्वास के साथ बल्लेबाजी की। संजीत कुमार ने आक्रामक अंदाज में 69 रनों की पारी खेली, जबकि आयुष कुमार शर्मा ने नाबाद 49 रन बनाकर टीम को जीत के करीब पहुंचाया। अंत में अजयवीर सिंह (नाबाद 17) और अभिजीत पांडेय (13) ने भी उपयोगी योगदान दिया।

कैमूर ने लक्ष्य को मात्र 25 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया और मुकाबले को एकतरफा अंदाज में अपने नाम कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *