
छत्तीसगढ़ प्रदेश शतरंज संघ के मार्गदर्शन में जिला शतरंज अकादमी द्वारा बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम स्थित संघ कार्यालय में दो दिवसीय जिला स्तरीय अंडर-9 एवं अंडर-17 शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में पांच दौर के मुकाबले पूरे होने के बाद विभिन्न वर्गों में खिलाड़ियों की स्थिति स्पष्ट होने लगी है।
अंडर-9 ओपन वर्ग में अपूर्व भार्गव ने पांचों मुकाबले जीतकर 5 अंक के साथ प्रथम स्थान पर अपनी पकड़ मजबूत बनाई हुई है। रोहिण जेरेमिया 4.5 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं, जबकि अव्यक्त और कियांश ओझा साल्वे 4-4 अंक लेकर संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर बने हुए हैं।
अंडर-9 बालिका वर्ग में अनिका गुप्ता, विद्या यादव, धानवीं मिश्रा और विदुषी सिंह ने 4-4 अंक अर्जित कर संयुक्त बढ़त हासिल की है। प्रतियोगिता का यह वर्ग काफी प्रतिस्पर्धी बना हुआ है।
[news_related_post]अंडर-17 ओपन वर्ग में भौमिक सिंह चौहान, अहिलान रॉय और भव्यम झावर 4.5-4.5 अंकों के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान पर हैं। अद्वैत पांडे 4 अंक लेकर उनके पीछे बने हुए हैं।
अंडर-17 बालिका वर्ग में अद्विका पांडे 4.5 अंक के साथ पहले स्थान पर हैं। अंशिका मिंज और रावी शेके 4-4 अंक के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर काबिज हैं, जबकि सुकृति शर्मा 3.5 अंक लेकर तीसरे स्थान पर बनी हुई हैं।
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता कुल छह दौर में संपन्न होगी और अंतिम दौर के बाद विजेताओं का निर्धारण किया जाएगा।
प्रतियोगिता के संचालन की जिम्मेदारी फीडे आर्बिटर अनिल शर्मा निभा रहे हैं। उनके साथ हर्ष माने, चंदन विश्वकर्मा, विक्रम सिंह और हेमा नागेश्वर निर्णायक मंडल में शामिल हैं। आयोजन को सफल बनाने में प्रदेश शतरंज संघ के पदाधिकारी एवं जिला शतरंज अकादमी के सदस्य सक्रिय सहयोग प्रदान कर रहे हैं।