पटना। अंडर-20 पुरुष राष्ट्रीय फुटबॉल चैंपियनशिप 2026 के अंतर्गत आयोजित होने वाली स्वामी विवेकानंद ट्रॉफी में बिहार की टीम कल से अपने अभियान की शुरुआत करेगी। प्रतियोगिता का आयोजन छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में किया जा रहा है, जहां ग्रुप-ए में बिहार का मुकाबला मेघालय, आंध्र प्रदेश, राजस्थान और झारखंड जैसी मजबूत टीमों से होगा।
बिहार फुटबॉल संघ के सचिव सैयद इम्तियाज हुसैन ने टीम की घोषणा करते हुए बताया कि खिलाड़ी पूरी तैयारी और आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरेंगे। बिहार का पहला मुकाबला 9 मई को मेघालय से होगा। इसके बाद टीम 11 मई को आंध्र प्रदेश, 15 मई को राजस्थान और 17 मई को झारखंड के खिलाफ खेलेगी। ग्रुप चरण के सभी मुकाबले आरके आश्रम ग्राउंड में आयोजित होंगे।
प्रतियोगिता में प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष टीम को क्वार्टर फाइनल में प्रवेश मिलेगा। मणिपुर, बंगाल, मिजोरम और स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (साई) पहले ही अंतिम-8 में अपनी जगह बना चुके हैं। ऐसे में बिहार की युवा टीम पर बेहतर प्रदर्शन कर नॉकआउट दौर में पहुंचने की जिम्मेदारी होगी।
हेड कोच सोनू कश्यप और टीम मैनेजर कौशल कुमार सिंह के मार्गदर्शन में बिहार की टीम में राहुल कुमार, मोहम्मद अरबाज आलम, अंकित कुमार, किर्रिश कुमार, रोहन कुमार, मोहम्मद नसीम खान, सनोज मुर्मू, सुजल कुमार, मोहम्मद नासिर, मोहम्मद सादिक रहमान, विजयन कुमार, निशांत राज, निखिल कुमार, मोनू कुमार, सन्नी गोल्ड, ऋषु राज, अंश राज और सिंटू कुमार को शामिल किया गया है।
बिहार के फुटबॉल प्रेमियों को उम्मीद है कि युवा खिलाड़ियों की यह टीम राष्ट्रीय मंच पर दमदार प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन करेगी।
U-20 स्वामी विवेकानंद ट्रॉफी : बिहार टीम राष्ट्रीय फुटबॉल चैंपियनशिप के लिए तैयार
08
May