पंचशील सीसी को 6 विकेट से किया पराजित

पटना, 19 मार्च। पटना जिला क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित अधिकारी मदन मोहन प्रसाद मेमोरियल पटना सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग में गुरुवार को खेले गए मुकाबले में पेसू टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पंचशील क्रिकेट क्लब को 6 विकेट से हराया। इस मुकाबले में पेसू के शशीम राठौर को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन (56 रन और 1 विकेट) के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वहीं, एक अन्य मैच में केएनसीसी को सचिवालय स्पोर्ट्स के खिलाफ वॉकओवर प्राप्त हुआ।
ऊर्जा स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पंचशील सीसी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 40 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 184 रन बनाए। टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही, लेकिन अनिरुद्ध राज ने 61 रनों की अहम पारी खेली। उनके अलावा बिट्टू कुमार ने 46 और अभिषेक कुमार ने 32 रन का योगदान दिया, जबकि अंत में आयुष राज ने नाबाद 17 रन बनाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
पेसू की ओर से गेंदबाजी में अभिजीत साकेत ने 3 विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजों को बांधे रखा। हर्ष राज ने 2 विकेट लिए, जबकि शशीम राठौर और राहुल राठौर को एक-एक सफलता मिली।
[news_related_post]लक्ष्य का पीछा करने उतरी पेसू टीम ने तेज शुरुआत की और मुकाबले पर जल्द ही पकड़ बना ली। शशीम राठौर ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 27 गेंदों में 56 रन जड़ दिए, जिसमें कई आकर्षक चौके-छक्के शामिल रहे। कप्तान राजेश कुमार सिन्हा ने 47 रन की सधी हुई पारी खेली और बाबुल कुमार ने 33 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
अंत में पंकज कुमार (नाबाद 13) और प्रियांशु (नाबाद 16) ने टीम को 26.4 ओवर में 188 रन तक पहुंचाते हुए जीत दिला दी। इस तरह पेसू ने मुकाबला आसानी से अपने नाम कर लिया।