
हॉली क्रॉस सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित चौथे इंटर स्कूल टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। खिताबी मुकाबले में मेज़बान हॉली क्रॉस स्कूल और छत्तीसगढ़ स्कूल के बीच रोमांचक भिड़ंत देखने को मिली।
टॉस जीतने के बाद हॉली क्रॉस टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में 70 रन का स्कोर खड़ा किया। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी छत्तीसगढ़ स्कूल की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए महज़ 6 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और मुकाबला अपने नाम कर लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कलेक्टर संजय अग्रवाल (IAS) उपस्थित रहे। वहीं, गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में एसपी रजनेश सिंह शामिल हुए। विशेष अतिथियों में अविनाश सेठी (कोषाध्यक्ष, कराटे एसोसिएशन), शैलेन्द्र सिंह ठाकुर और उमेश मौर्य मौजूद रहे। स्कूल की प्राचार्या डॉ. सिस्टर क्लेरिटा डी’मेलो सहित विद्यालय परिवार के सदस्य—सिस्टर लूसी, सिस्टर अजेया, सिस्टर नीलिमा और सिस्टर महिमा भी कार्यक्रम में शामिल रहीं।
[news_related_post]इसके अलावा अन्य स्कूलों के प्राचार्य एवं प्रतिनिधि भी कार्यक्रम का हिस्सा बने, जिनमें भारत माता इंग्लिश मीडियम स्कूल के फादर सलिन, फादर प्रवीण बारा और फादर मनीष समेत कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि संजय अग्रवाल ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, टीमवर्क और नेतृत्व जैसे गुण विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने छात्रों को खेल गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। वहीं, एसपी रजनेश सिंह ने भी खेलों को युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक बताया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में स्कूल प्रबंधन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विशेष रूप से प्राचार्या सिस्टर क्लेरिटा डी’मेलो के नेतृत्व में आयोजन को प्रभावी ढंग से संपन्न कराया गया। साथ ही खेल शिक्षक देवेन्द्र दास, विकास माझी और जयंत दास का योगदान भी सराहनीय रहा।
अंत में विजेता छत्तीसगढ़ स्कूल को ट्रॉफी एवं मेडल प्रदान किए गए, जबकि उपविजेता हॉली क्रॉस स्कूल को भी सम्मानित किया गया।