रुड़की, हरिद्वार (उत्तराखंड)। ताशकंद, उज्बेकिस्तान में आयोजित प्रतिष्ठित कासा सेवन साइड महिला रग्बी टूर्नामेंट में उत्तराखंड की होनहार खिलाड़ी महक चौहान ने शानदार प्रदर्शन कर “प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट” का खिताब अपने नाम किया। भारतीय महिला रग्बी टीम की सदस्य महक ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल दिखाते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
महक चौहान भारतीय टीम की सबसे सफल स्कोरर रहीं। उन्होंने प्रतियोगिता में कुल 9 ट्राई स्कोर कर टीम को कई मुकाबलों में मजबूती प्रदान की। उनकी तेज रफ्तार, शानदार फिटनेस, आक्रामक खेल शैली और बेहतरीन कौशल ने दर्शकों और खेल विशेषज्ञों को बेहद प्रभावित किया।
भारतीय महिला रग्बी टीम ने पूरे टूर्नामेंट में संघर्षपूर्ण और सराहनीय प्रदर्शन किया। हालांकि टीम पदक जीतने से चूक गई, लेकिन खिलाड़ियों ने अपने खेल से भविष्य के लिए मजबूत उम्मीदें जरूर जगाई हैं। यह प्रतियोगिता भारतीय महिला रग्बी टीम के लिए एक महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय अनुभव साबित हुई।
महक चौहान की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे उत्तराखंड में खुशी और गर्व का माहौल है। उन्होंने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता युवा खिलाड़ियों, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा बनकर सामने आई है।
उत्तराखंड रग्बी एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने महक चौहान को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष आयुष सैनी, सचिव यशवंत सिंह, अध्यक्ष सूर्यकांत सैनी, उपाध्यक्ष हिमांशु सैनी, फिटनेस ट्रेनर आकाश सिंह, साहिल नेगी एवं सानू सैनी ने कहा कि महक की यह उपलब्धि उत्तराखंड में रग्बी खेल को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कासा सेवन साइड महिला रग्बी टूर्नामेंट में महक चौहान बनीं सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी
19
May