Madhya Pradesh

ग्वालियर की बेटी नंदिता शर्मा का भारतीय सॉफ्ट हॉकी टीम में चयन

नेपाल में आज से शुरू होगी प्रथम साउथ एशियन सॉफ्ट हॉकी चैम्पियनशिप
ग्वालियर। मध्य प्रदेश के लिए गर्व का क्षण है कि ग्वालियर की होनहार खिलाड़ी नंदिता शर्मा का चयन भारतीय महिला सॉफ्ट हॉकी टीम में हुआ है। नंदिता अब नेपाल की राजधानी काठमांडू में 20 से 22 मई तक आयोजित होने वाली प्रथम साउथ एशियन सॉफ्ट हॉकी चैम्पियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
मध्य प्रदेश एमेच्योर सॉफ्ट हॉकी एसोसिएशन के सचिव एवं हॉकी प्रशिक्षक अविनाश भटनागर ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि इस प्रतिष्ठित चैम्पियनशिप में भारत, पाकिस्तान, भूटान और मेजबान नेपाल की टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता का आयोजन काठमांडू में किया जा रहा है, जहां दक्षिण एशिया की कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
उन्होंने बताया कि यह मध्य प्रदेश के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है, क्योंकि पहली बार राज्य की किसी खिलाड़ी का चयन भारतीय सॉफ्ट हॉकी टीम में हुआ है। नंदिता शर्मा ग्वालियर स्थित दर्पण हॉकी फीडर सेंटर की खिलाड़ी हैं और उन्होंने अविनाश भटनागर के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त किया है।
नंदिता शर्मा के चयन पर मध्य प्रदेश सॉफ्ट हॉकी एसोसिएशन की ओर से डॉ. बृजकिशोर, जितेंद्र शर्मा, मनोज परिहार, रईस कुरैशी, विवेक पिशाल, अर्जुन शर्मा, दिलशाद खान, राजू चौहान, कृतिका चंद्र, सोनम रजक, निक्की कौशल एवं वीरेंद्र भदौरिया सहित अनेक खेल प्रेमियों ने खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
नंदिता की इस उपलब्धि से ग्वालियर सहित पूरे मध्य प्रदेश में खुशी का माहौल है। खेल जगत को उम्मीद है कि वह चैम्पियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *